राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, लक्सर (हरिद्वार) में राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा स्वच्छता एवं स्वास्थ्य जागरूकता अभियान आयोजित

राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, लक्सर की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा दिनांक 23 फरवरी 2026 को एक दिवसीय शिविर के अंतर्गत ग्राम सीमली, लक्सर में स्वच्छता एवं स्वास्थ्य पर जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. विचित्र नारायण शर्मा के मार्गदर्शन में किया गया।

इस अवसर पर प्राचार्य महोदय ने राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता एवं स्वास्थ्य जागरूकता अभियान समाज के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने स्वयंसेवियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने व्यवहार में स्वच्छता अपनाकर समाज के लिए प्रेरणा बनें तथा ग्रामीण क्षेत्र में जन-जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. कनुप्रिया एवं डॉ. प्रीति शर्मा ने ग्रामीणों को स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने स्वच्छ जीवनशैली अपनाने, रोगों से बचाव तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए आवश्यक सावधानियों पर प्रकाश डाला। इसके साथ ही स्वयंसेवियों द्वारा ग्रामीणों को स्वच्छता एवं स्वास्थ्य विषयक पैंफलेट वितरित कर जागरूकता संदेश प्रसारित किया गया।

राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवियों द्वारा गांव में जाकर घर-घर संपर्क किया गया तथा ग्रामीणों को स्वच्छता, व्यक्तिगत स्वास्थ्य, साफ पानी का उपयोग, हाथ धोने की आदत एवं कचरे के उचित निस्तारण के बारे में जागरूक किया गया। स्वयंसेवियों ने ग्रामीणों को यह संदेश दिया कि स्वच्छ वातावरण ही स्वस्थ जीवन का आधार है।

इसके साथ ही स्वयंसेवियों द्वारा महाविद्यालय परिसर में प्लास्टिक एवं अन्य कचरा एकत्रित कर स्वच्छता अभियान चलाया गया तथा स्वच्छ महाविद्यालय परिसर बनाए रखने का संकल्प लिया गया।
शिविर में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण डॉ. सीमा चौधरी , डॉ. मनोज कुमार, डॉ. सुशील भाटी, श्रीमती स्नेह लता, डॉ शरद त्रिपाठी, डॉ गजेंद्र सिंह, डॉ दीक्षित कुमार और डॉ विवेकानंद भट्ट की गरिमामयी उपस्थिति रही। समस्त स्वयंसेवियों की सक्रिय सहभागिता से शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *