देहरादून/चमोली:
उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में मौसम ने अचानक करवट ली है। चमोली जिले में स्थित बद्रीनाथ धाम, नीलकंठ पर्वत और हेमकुंड साहिब की ऊंची चोटियों पर समय से पहले ताजा बर्फबारी दर्ज की गई है, जिससे पर्वतीय क्षेत्रों में ठंड अचानक बढ़ गई है।
वहीं, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के 7 जिलों—देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भारी बारिश और आकाशीय बिजली चमकने का येलो अलर्ट जारी किया है। चमोली में भारी मलबे के कारण लगभग 10 ग्रामीण सड़कें बाधित हो गई हैं, जिन्हें खोलने के लिए आपदा प्रबंधन की टीमें जेसीबी मशीनों के साथ लगातार काम कर रही हैं। प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय निवासियों से नदी तटों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।
