दिल्ली जाने वाली उत्तराखंड रोडवेज की 200 बसों पर ब्रेक! वोल्वो सेवाओं में भी बदलाव, नए रूटों पर चलेंगी बसें

दिल्ली में बीएस-6 मानक से कम उत्सर्जन वाले वाहनों के प्रवेश पर रोक लागू होने से उत्तराखंड रोडवेज की बस सेवाओं में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। रविवार से लागू इस व्यवस्था के चलते उत्तराखंड परिवहन निगम की करीब 200 बसें दिल्ली नहीं जा सकेंगी। इनमें 12 वोल्वो बसें भी शामिल हैं। इसका सीधा असर दिल्ली-देहरादून सहित कई प्रमुख रूटों पर बस संचालन पर पड़ने की संभावना है।

परिवहन निगम के अनुसार, वर्तमान में प्रदेशभर में प्रतिदिन औसतन 934 बसों का संचालन किया जाता है। इनमें से करीब 400 बसें रोजाना दिल्ली के लिए रवाना होती हैं। लेकिन बीएस-6 मानक पूरा नहीं करने वाली लगभग 200 बसों के दिल्ली प्रवेश पर रोक लगने से निगम के सामने संचालन व्यवस्था बनाए रखने की चुनौती खड़ी हो गई है।

वोल्वो यात्रियों को नहीं होगी परेशानी, बढ़ाए जाएंगे बसों के फेरे

इस बदलाव का सबसे अधिक असर दिल्ली-देहरादून रूट पर संचालित लग्जरी वोल्वो सेवाओं पर पड़ सकता है। इस रूट पर कुल 25 वोल्वो बसें संचालित होती हैं, जिनमें से 12 बसें प्रभावित होंगी। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिवहन निगम ने शेष वोल्वो बसों के फेरों की संख्या बढ़ाने का फैसला किया है।

निगम के महाप्रबंधक संचालन क्रांति सिंह के मुताबिक, शुरुआत में छह वोल्वो बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे। यात्रियों की मांग और जरूरत को देखते हुए सभी 13 उपलब्ध वोल्वो बसों के फेरे बढ़ाने पर भी विचार किया जाएगा। इससे प्रतिदिन 26 तक वोल्वो सेवाएं उपलब्ध कराने की योजना है। निगम का दावा है कि बसों की कमी के बावजूद यात्रियों को असुविधा न हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी।

दिल्ली नहीं जा सकेंगी तो दूसरे शहरों में दौड़ेंगी वोल्वो

दिल्ली रूट पर प्रतिबंध के चलते प्रभावित होने वाली वोल्वो बसों को बेकार खड़ा रखने के बजाय दूसरे शहरों के लिए संचालित करने की तैयारी है। परिवहन निगम आगरा, लखनऊ और चंडीगढ़ सहित अन्य प्रमुख शहरों के लिए वोल्वो सेवाएं शुरू करने की संभावनाएं तलाश रहा है। प्रस्तावित विकल्पों में नेपाल का रूट भी शामिल है।

इससे दूसरे शहरों के यात्रियों को भी लग्जरी बस सेवा का विकल्प मिल सकता है। अब परिवहन निगम का फोकस उपलब्ध बसों का बेहतर उपयोग करने और प्रमुख रूटों पर यात्रियों की सुविधा बनाए रखने पर रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *