उत्तराखंड-अरुणाचल प्रदेश के दो और विश्वविद्यालयों की तीन डिग्रियां निकलीं फर्जी, SIT जांच में खुला मामला

अरुणाचल, उत्तराखंड के विश्वविद्यालयों की डिग्रियां फर्जी पाई गईं

एसआईटी जांच में कुल तीन और डिग्रियां निकलीं नकली

कानपुर पुलिस ने पहले 1030 फर्जी मार्कशीट पकड़ी थीं

कानपुर। फर्जी मार्कशीट-डिग्री के मामले में विशेष जांच दल (एसआइटी) की जांच में बुधवार को अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर स्थित हिमालयन विश्वविद्यालय में एक और उत्तराखंड की हिमालयन गढ़वाल विश्वविद्यालय में दो डिग्रियां व मार्कशीट फर्जी निकली हैं। इन ऑनलाइन दस्तावेजों का एसआइटी टीम ने विश्वविद्यालय गजट से मिलान किया तो वहां उनका कोई विवरण नहीं मिला।

किदवई नगर की पुलिस टीम ने 18 फरवरी को जूही कलां स्थित शैल ग्रुप ऑफ एजुकेशन कार्यालय में उत्तर प्रदेश समेत नौ राज्यों के 14 विश्वविद्यालयों की 1030 मार्कशीट और डिग्रियां बरामद की थीं। पुलिस ने गिरोह के सरगना रायबरेली के ऊंचाहार निवासी शैलेंद्र कुमार ओझा, कौशांबी निवासी नागेंद्र मणि त्रिपाठी, गाजियाबाद निवासी जोगेंद्र तथा शुक्लागंज निवासी अश्वनी कुमार को गिरफ्तार कर 19 फरवरी को जेल भेजा था।

आरोपितों के पास से मिली डिग्री और मार्कशीट के सत्यापन में टीमें जुटी हैं। एसआइटी प्रभारी योगेश कुमार ने बताया कि उत्तराखंड व अरुणाचल प्रदेश के विवि की डिग्रियां फर्जी मिली हैं। अभी बाकी विश्वविद्यालयों में भी जांच कराई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *