भारत सरकार द्वारा विकसित सेल ब्रॉडकास्ट सिस्टम अब उत्तराखंड में भी प्रभावी साबित होता दिखाई दे रहा है। पहले मौसम और आपदा संबंधी जानकारियां आमतौर पर एसएमएस के माध्यम से लोगों तक पहुंचाई जाती थीं, लेकिन कई बार लोग इन संदेशों को अनदेखा कर देते थे। वहीं अब सेल ब्रॉडकास्ट तकनीक के जरिए मौसम खराब होने, अतिवृष्टि, तेज आंधी-तूफान या अन्य आपदा की आशंका होने पर मोबाइल फोन पर सीधे अलर्ट पहुंच रहा है, जिससे लोगों को समय रहते सतर्क होने का अवसर मिल रहा है। उत्तराखंड आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि सेल ब्रॉडकास्ट भारत सरकार द्वारा विकसित एक आधुनिक प्रणाली है, जिसके माध्यम से आपदा या अन्य महत्वपूर्ण सूचनाएं बेहद कम समय में बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंचाई जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी अलर्ट को जारी करने से पहले उस क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति को चिन्हित किया जाता है, जहां मौसम खराब होने या किसी आपदा की संभावना होती है। उन्होंने बताया कि भारतीय मौसम विभाग आईएमडी के सहयोग से संभावित प्रभावित क्षेत्रों को मानचित्र पर चिह्नित किया जाता है। इसके बाद जिस क्षेत्र के लिए चेतावनी जारी करनी होती है, वहां मौजूद सभी मोबाइल टावरों के माध्यम से उस क्षेत्र में सक्रिय सभी मोबाइल फोन पर एक साथ अलर्ट संदेश भेजा जाता है। इससे सूचना तुरंत लोगों तक पहुंच जाती है और किसी भी आपात स्थिति में जनहानि और नुकसान को कम करने में मदद मिलती है।
विनोद कुमार सुमन ने बताया कि हाल ही में प्रदेश में भारी बारिश और तेज आंधी-तूफान की संभावना को देखते हुए संबंधित क्षेत्रों के लिए सेल ब्रॉडकास्ट अलर्ट जारी किया गया था। यह संदेश उन सभी लोगों तक सफलतापूर्वक पहुंचा, जो प्रभावित क्षेत्रों में मौजूद थे। आपदा प्रबंधन विभाग का मानना है कि यह तकनीक भविष्य में आपदा चेतावनी प्रणाली को और अधिक मजबूत बनाएगी तथा लोगों को समय रहते सतर्क कर सुरक्षित रहने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उत्तराखंड में आपदा अलर्ट का नया हथियार बना सेल ब्रॉडकास्ट सिस्टम, लोगों तक तुरंत पहुंच रही चेतावनी
