रुद्रपुर में सो रही महिला से पड़ोसी ने किया दुष्कर्म का प्रयास, विरोध के बाद फरार

रुद्रपुर के रम्पुरा में एक महिला के साथ पड़ोसी ने दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला अपने बच्चों के साथ सो रही थी जब आरोपी छत के रास्ते घर में घुसा।

रुद्रपुर। बच्चों के साथ सो रही महिला से पड़ोसी ने दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर हाथापाई की। पीड़िता की जेठानी समेत अन्य लोग शोर सुनकर एकत्र हुए तो आरोपित जूता, चैन और मोबाइल छोड़कर फरार हो गया। मामले में पीड़िता ने पुलिस को तहरीर सौंप कार्रवाई की मांग की है।

रम्पुरा निवासी महिला ने बताया कि उसका पति पंजाब में काम करते हैं। वह बच्चों के साथ अकेली रहती है। गुरुवार रात वह अपने बच्चों के साथ सो रही थी। इस दौरान गर्मी के कारण उसने दरवाजा खोला हुआ था। देर रात 12 बजे के आसपास पड़ोस में रहने वाला युवक छत के रास्ते उसके घर में घुस आया।

आरोपित ने हाथापाई की

आरोप है कि उसने दरवाजा अंदर से बंद कर उसका मुंह पर हाथ रख लिया। साथ ही उससे दुष्कर्म का प्रयास करने लगा। उसके विरोध और धक्का मुक्की करने पर आरोपित ने उससे हाथापाई की।

शोर मचाने का प्रयास किया तो मुंह दबा लिया, जिससे उसके नाखून चेहरे पर लग गए। इसी बीच उसकी जेठानी समेत अन्य लोग आए तो आरोपित अपना फोन, जूता और गले की चैन छोड़कर फरार हो गया। पीड़िता ने पुलिस से आरोपित पर कार्रवाई की मांग की है।

कोतवाल मनोज रतूड़ी ने बताया कि शिकायती पत्र मिला है, जांच की जा रही है। इसके बाद आरोपित पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *