प्रो. शिवेन्द्र कुमार कश्यप बने पंतनगर कृषि विवि के नए कुलपति, लोकभवन की ओर से आदेश जारी

डॉ. शिवेन्द्र कश्यप वर्ष 2019 से पंतनगर विश्वविद्यालय में रैंकिंग टीम के अध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं। अब उन्हें नई जिम्मेदारी देते हुए विवि में कुलपति नियुक्त किया गया है।

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने प्रो. शिवेन्द्र कुमार कश्यप को गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर का कुलपति नियुक्त किया है। प्रो. शिवेन्द्र कुमार कश्यप को उनके द्वारा कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष या 70 वर्ष की आयु पूर्ण होने तक या अग्रेत्तर आदेश तक जो भी पहले हो, तक की अवधि के लिए कुलपति नियुक्त किया गया है। प्रो. शिवेन्द्र कुमार कश्यप वर्तमान में कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चर, गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में ही कार्यरत हैं।

जानिए कौन हैं डॉ. शिवेन्द्र कुमार कश्यप?

डॉ. शिवेन्द्र कश्यप एक प्रतिष्ठित शिक्षाविद हैं, जिन्हें कृषि शिक्षा में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए आईसीएआर सर्वश्रेष्ठ शिक्षक पुरस्कार सहित अनेक सम्मान प्राप्त हुए हैं। उन्होंने पंतनगर विश्वविद्यालय में प्रोफेसर, कृषि संचार विभागाध्यक्ष, कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता, विश्व बैंक पोषित एनएएचईपी परियोजना के प्रधान अन्वेषक (PI), डीएसटी-टीईसीपरियोजना के पीआई व अनेक अन्य परियोजनाओं में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया है।

उनका चयन भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय स्तर के लीप (लीडरशीप इन एजुकेशन) कार्यक्रम के लिए किया गया, जिसके अंतर्गत उन्हें भावी शैक्षणिक नेतृत्वकर्ता के रूप में हैदराबाद विश्वविद्यालय तथा ऑस्ट्रेलिया के मोनाश विश्वविद्यालय में प्रशिक्षण प्राप्त हुआ।वर्ष 2019 से वे पंतनगर विश्वविद्यालय में रैंकिंग टीम के अध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं। उनके नेतृत्व में विश्वविद्यालय ने आईसीएआर रैंकिंग में राज्य कृषि विश्वविद्यालयों के बीच प्रथम स्थान प्राप्त किया, आईसीएआर सर्वश्रेष्ठ संस्थान पुरस्कार हासिल किया व राष्ट्रीय स्तर पर अपनी रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *