नैनीताल :(दुखद) यहां गुलदार ने महिला को मार डाला

नैनीताल जिले के धारी ब्लॉक क्षेत्र में तेंदुए का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक घटना में तेंदुए ने घर के पास से एक महिला को उठाकर जंगल में ले जाकर मौत के घाट उतार दिया, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत दीनी तल्ली, तोक धुरा निवासी हेमा देवी (पत्नी गोपाल सिंह) शुक्रवार सुबह मवेशियों के लिए चारा लेने जंगल की ओर जा रही थीं। इसी दौरान घर के नजदीक घात लगाए बैठे तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें घसीटते हुए जंगल की ओर ले गया। घटना के वक्त महिला के देवर ने तेंदुए को हेमा देवी को ले जाते हुए देखा।

उन्होंने शोर मचाया और पत्थर फेंककर तेंदुए को भगाने की कोशिश की, लेकिन तेंदुआ महिला को नहीं छोड़ सका और जंगल की ओर फरार हो गया। सूचना मिलते ही ग्रामीणों और परिजनों ने जंगल में खोजबीन शुरू की। बाद में महिला का शव बरामद कर लिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल है और ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने की मांग की है। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *