असम, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी में एक और पश्चिम बंगाल में दो चरणों में होगा मतदान

चुनाव आयोग ने चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के विधानसभा चुनावों की घोषणा कर दी है. इस घोषणा के साथ ही संबंधित राज्यों में चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है.मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने रविवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में असम, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी के विधानसभा चुनावों की तारीख़ों के बारे में बताया.असम, केरल और पुडुचेरी में एक चरण में 9 अप्रैल को मतदान होगा. वहीं तमिलनाडु में भी एक चरण में 23 अप्रैल को मतदान होगा.वहीं पश्चिम बंगाल में दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को मतदान होगा.इसके अलावा अलग-अलग राज्यों की आठ विधानसभा सीटों पर 9 अप्रैल और 23 अप्रैल को उपचुनाव होंगे.

असम, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और केरल में चुनावी सरगर्मियां ज़ोरों पर हैं.

126 सीटों वाली असम विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 20 मई, 2026 को ख़त्म होने वाला है.साल 2016 में 60 सीटों पर जीत हासिल कर पहली बार सत्ता में आई बीजेपी ने 2021 में भी एक जैसा ही प्रदर्शन किया था.बीजेपी ने कुल 93 सीटों पर चुनाव लड़ा था और 60 सीट पर जीत दर्ज की और उसके नेतृत्व वाले एनडीए ने कुल 126 सीटों में से 75 सीटों पर जीत दर्ज की थी. हालांकि, 2016 के मुक़ाबले एनडीए को बीते चुनाव में 11 सीटों का घाटा हुआ था.असम में बीते कुछ दिनों से अल्पसंख्यकों का मुद्दा काफ़ी सुर्खियों में रहा है. राज्य के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा कई बार अपने बयानों की वजह से विवादों में भी रहे हैं.यहाँ कांग्रेस पार्टी भी सत्ता में वापसी की कोशिश में लगी है और उसने प्रियंका गांधी को स्क्रीनिंग कमेटी का प्रमुख बनाया है. प्रियंका गांधी ने राज्य का दौरा भी शुरू कर दिया है.

गोवा की पोंडा, कर्नाटक की बागलकोट और दावणगेरे साउथ सीट, नगालैंड की कोरिडांग और त्रिपुरा की धर्मनगर सीट पर उपचुनाव के लिए 9 अप्रैल को वोटिंग होगी.जबकि गुजरात की उमरेठ और महाराष्ट्र की राहुरी और बारामती सीट पर 23 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे.सभी राज्यों की विधानसभा सीटों पर हुए मतदान और उपचुनावों के वोटों की गिनती 4 मई को होगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *