देहरादून के तिब्बती मार्केट और परेड ग्राउंड के पास बुधवार सुबह दिनदहाड़े हुई फायरिंग से शहर दहल उठा। स्कूटी सवार दो बदमाशों ने कर्नल के बेटे अर्जुन शर्मा (42) को उस समय गोली मार दी, जब वह टेनिस खेलकर अपनी कार में बैठने जा रहे थे। घटना पुलिस मुख्यालय से लगभग 500 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे कानून-व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
अर्जुन शर्मा जीएमएस रोड स्थित भारत गैस एजेंसी का संचालन करते थे। वह कर्नल आरसी शर्मा के पुत्र थे और आईटीबीपी क्षेत्र में निवास करते थे। रोजाना की तरह वह सुबह परेड ग्राउंड में लॉन टेनिस खेलने पहुंचे थे।

कार में बैठने से पहले बरसाईं गोलियां
डालनवाला थाना पुलिस के अनुसार, खेल समाप्त कर जैसे ही अर्जुन अपनी गाड़ी में बैठने लगे, तभी स्कूटी पर आए दो युवकों ने उन पर फायरिंग कर दी। एक गोली उनकी छाती में लगी। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आक्रोशित व्यापारियों ने तिब्बती मार्केट को कुछ समय के लिए बंद कर विरोध जताया। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
अर्जुन शर्मा अपने पीछे पत्नी अभिलाषा शर्मा और दो छोटे बच्चों — लगभग 5 साल का बेटा और 3 साल की बेटी — को छोड़ गए हैं। बताया जाता है कि उनके पिता सेना में शहीद हुए थे, जिसके बाद गैस एजेंसी उनकी मां वीना शर्मा के नाम आवंटित की गई थी।
संपत्ति विवाद को लेकर उठे सवाल
मृतक के करीबी राजीव यादव ने आशंका जताई है कि हत्या के पीछे प्रॉपर्टी विवाद हो सकता है। उनका कहना है कि डालनवाला क्षेत्र में एक संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था और उन्हें भी हाल में जान से मारने की धमकियां मिली थीं। इस संबंध में उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
राजीव यादव के मुताबिक, अर्जुन शर्मा ने भी संबंधित अधिकारियों को धमकियों की जानकारी दी थी। हालांकि, पुलिस ने अभी तक हत्या के पीछे की वजह को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
आरोपियों की तलाश में पुलिस
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। शहर के विभिन्न चेकपोस्ट पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
