Breaking
Fri. Mar 20th, 2026

देहरादून: सिल्वर सिटी मॉल में दिनदहाड़े गैंगस्टर की गोली मारकर हत्या, जिम से निकलते ही शूटरों ने बरसाईं गोलियां

देहरादून में शुक्रवार सुबह सिल्वर सिटी मॉल परिसर में उस समय सनसनी फैल गई, जब जिम से बाहर निकल रहे एक युवक की तीन बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावर बेहद सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे मॉल परिसर में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दो हमलावर मॉल के अंदर घुसे और सीढ़ियों के पास खड़े युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जबकि उनका तीसरा साथी बाहर मुख्य सड़क पर बाइक लेकर इंतजार कर रहा था। बदमाशों ने तीन राउंड फायरिंग की, जिनमें से दो गोलियां युवक को लगीं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सेकेंडों में बाइक से फरार हो गए।


गोलीबारी की आवाज सुनते ही मॉल में मौजूद लोग डर के मारे दुकानों में छिप गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को मैक्स अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में शव को पोस्टमॉर्टम के लिए कोरोनेशन अस्पताल भेजा गया।
प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान विक्रम शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, विक्रम को पहले से जान का खतरा था और वह खुद भी पिस्टल लेकर चलता था, लेकिन हमलावरों ने उसे हथियार निकालने का मौका तक नहीं दिया। पुलिस को घटनास्थल से मृतक के पास से पिस्टल भी मिली है।


घटना की सूचना मिलते ही आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, एसएसपी अजय सिंह और एसटीएफ एसएसपी नवनीत भुल्लर मौके पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया। पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक, विक्रम शर्मा अपराध जगत में सक्रिय था और उसे “माइनिंग किंग” के नाम से भी जाना जाता था। वह हाल ही में झारखंड के जमशेदपुर से देहरादून आया था और उसके खिलाफ 50 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। साथ ही वह झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर अखिलेश सिंह का करीबी भी माना जाता था।
पुलिस ने मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की टीम को भी लगाया है। अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे गैंगवार, आपसी रंजिश या व्यावसायिक विवाद जैसे सभी संभावित एंगल से जांच की जा रही है।

गढ़वाल आईजी राजीव स्वरूप ने कहा कि पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और आरोपियों की तलाश के लिए शहरभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed