देहरादून: बल्लीवाला चौक स्थित नाथ वाटिका के पास नगर निगम पार्षद अमिता सिंह के घर सनसनीखेज वारदात सामने आई है। आरोप है कि घर में करीब 20 दिन पहले काम पर रखा गया घरेलू सहायक परिवार को नशीला पदार्थ देकर बेहोश करने के बाद घर से सोने के आभूषण लेकर फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि मंगलवार रात घरेलू सहायक ने भोजन में कथित तौर पर नशीला पदार्थ मिला दिया। खाना खाने के बाद परिवार के सदस्यों की तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। इसी दौरान आरोपी कथित रूप से घर में रखे सोने के आभूषण लेकर अपने साथियों के साथ फरार हो गया।
घटना के बाद पार्षद अमिता सिंह को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि उनके पति महिपाल सिंह और बेटे की हालत ठीक बताई जा रही है।
परिजनों को होश आने के बाद वारदात का पता चला और पुलिस को सूचना दी गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घरेलू सहायक को करीब 20 दिन पहले दिल्ली से बुलाया गया था और वह नेपाल मूल का बताया जा रहा है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार घरेलू सहायक और उसके संभावित साथियों की तलाश की जा रही है। पुलिस घटना में इस्तेमाल किए गए पदार्थ, चोरी हुए सामान और आरोपी की भूमिका समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
