देहरादून में करंट का कहर: बिजली का खंभा लगाते समय 5 मजदूर झुलसे, एक की मौके पर मौत

राजधानी देहरादून में पुनर्गठित वितरण क्षेत्र योजना (RDSS) के तहत बिजली का खंभा लगाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। पथरीबाग स्थित ओम सिटी के पास काम कर रहे पांच कर्मचारी करंट की चपेट में आ गए। हादसे में एक कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार रविवार को आरडीएसएस योजना के तहत बिजली का खंभा लगाया जा रहा था। इसी दौरान खंभा पास से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से छू गया। संपर्क होते ही खंभे में तेज करंट दौड़ गया, जिससे वहां काम कर रहे पांच कर्मचारी झुलस गए।

हादसे में अमरोहा (उत्तर प्रदेश) निवासी उमेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पप्पू, जसमान समेत चार अन्य कर्मचारी घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

बताया जा रहा है कि सभी कर्मचारी एक निजी कंपनी के अधीन ठेकेदार के माध्यम से कार्य कर रहे थे और आरडीएसएस योजना के तहत बिजली का कार्य कर रहे थे। हालांकि हादसे के बाद विभाग और संबंधित कंपनी के अधिकारी योजना के तहत काम होने की जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ते नजर आए।

एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि अस्पताल से करंट लगने की सूचना मिली थी। घटना में एक कर्मचारी की मौत हो चुकी थी। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मृतक और घायल सभी कर्मचारी उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के निवासी बताए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *