उत्तराखंड: देहरादून कोर्ट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, परिसर खाली कराई गई

देहरादून: देहरादून जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से बुधवार को कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। जिला जज कार्यालय को धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया।

सूचना मिलते ही एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सुरक्षा के लिहाज से सभी जजों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों को कोर्ट परिसर से बाहर सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया। पूरे परिसर को खाली कर चारों ओर बैरिकेडिंग कर दी गई और पुलिस ने जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक जांच में धमकी भरे ईमेल के पीछे किसी पाकिस्तानी संगठन के जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है…हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। बार एसोसिएशन अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल ने बताया कि जिला जज कार्यालय को मेल मिलने के बाद तुरंत कार्रवाई की गई।

बता दें कि इससे पहले हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी और नैनीताल समेत प्रदेश के कई न्यायालयों को भी इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। हालांकि जांच में अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। पुलिस और खुफिया एजेंसियां मामले की गहन जांच में जुटी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *