भालू को सामने देख नहीं हारी हिम्मत, गुत्थम-गुत्था की लड़ाई में दी मात; ग्रामीण ने बचाई अपनी जान

भिलंगना के सरुणा गांव में घास लेने गए टीका राम जोशी पर भालू ने हमला कर दिया। घायल टीका राम ने बहादुरी से अपनी जान बचाई, जिसके बाद उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। इस घटना से ग्रामीणों में दहशत है और वे वन विभाग से भालू को पकड़ने व उचित मुआवजे की मांग कर रहे हैं। वन विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है और भालू को सुरक्षित स्थान पर भेजने का प्रयास कर रहा है।

घनसाली: भिलंगना प्रखंड के ग्राम पंचायत सरुणा में भालू के आतंक से ग्रामीणों में दहशत है। सरुणा गांव के समीप जंगल में घास लेने गए एक व्यक्ति पर अचानक भालू ने हमला कर दिया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। घायल व्यक्ति ने बड़ी मुश्किल से भालू के चंगुल से अपनी जान बचाई।

सरुणा गांव में भालू के हमले की घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, पिलखी ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया है।

ग्राम प्रधान राकेश भट्ट ने बताया के गांव के 45 वर्षीय टीका राम जोशी रोज की तरह मंगलवार की सुबह 10 बजे के करीब अपने पशुओं के लिए घास व चारा पत्ती लेने जंगल गए थे। इस दौरान झाड़ियों में छुपे भालू ने उन पर हमला कर दिया। जहां दोनों के बीच काफी देर तक गुत्थम-गुत्था होती रही।

टीका राम के चिल्लाने की आवाज सुनकर अन्य ग्रामीण भी उस तरफ भागे। किसी तरह टीका राम ने अपने को भालू के चंगुल से बचाया। भालू के हमले के बाद से पूरे गांव में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि अब महिलाएं और पुरुष घास व चारा पत्ती लेने जंगल की ओर जाने से कतरा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *