पंचायत उप चुनाव: पहले कम उम्र के कारण नामांकन हुआ रद, अब निर्विरोध ग्राम प्रधान बन रचा इतिहास

भिलंगना विकासखंड के धारगांव में शिवानी राणा निर्विरोध ग्राम प्रधान चुनी गईं। 21 वर्ष से कम उम्र होने के कारण पहले उनका नामांकन रद्द हो गया था। ग्रामीणों ने घोषणा की थी कि शिवानी ही उनकी भावी प्रधान होंगी, जिसके चलते उपचुनाव में कोई और प्रत्याशी नहीं आया और शिवानी निर्विरोध निर्वाचित हुईं। वह टिहरी जनपद की सबसे कम उम्र की प्रधान हैं।

नई टिहरी। भिलंगना विकासखंड की भिलंग पट्टी के धारगांव ग्राम पंचायत ने एक ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए गांव की युवा बेटी शिवानी राणा पुत्री विशाल सिंह राणा को निर्विरोध ग्राम प्रधान चुना है। शिवानी राणा टिहरी जनपद की सबसे कम उम्र की प्रधान बनी हैं।

दरअसल, कुछ महीने पहले हुए मुख्य पंचायत चुनाव के दौरान शिवानी राणा ने प्रधान पद के लिए नामांकन भरा था। लेकिन उम्र 21 वर्ष से तीन महीने कम होने के कारण उनका नामांकन निरस्त कर दिया गया। शिवानी की जन्मतिथि 16 अक्टूबर 2004 है, इसलिए उन्हें 21 वर्ष की आयु पूरी करने की ग्राम पंचायत ने उस समय ही यह घोषणा कर दी थी कि शिवानी ही उनकी भावी प्रधान होंगी। ग्रामीणों ने यह भी स्पष्ट कर दिया था कि यदि भविष्य में प्रधान पद सामान्य महिला वर्ग में भी खुल जाए, तब भी वह शिवानी को ही प्रधान चुनेंगे। परिणामस्वरूप उपचुनाव में कोई अन्य प्रत्याशी सामने नहीं आया और शिवानी को एकल नामांकन के आधार पर निर्विरोध प्रधान घोषित कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *